विधानसभा अध्यक्ष डॉ महंत की चुनावी सभा मे भीड़ बढ़ाने के लिए स्कूली छात्रों को भेजना प्राचार्य को पड़ गया भारी
कोरिया , 05-11-2023 6:06:59 PM


कोरिया 05 नवंबर 2023 - चुनावी जनसभा में स्कूली बच्चों के शामिल होने के मामले में प्राचार्य पर गाज गिर गयी है। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने प्राचार्य को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस की चुनावी सभा में विद्यालय के बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। इस मामले में शिकायत की गयी थी। वहीं स्कूली बच्चों का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद अब कलेक्टर ने संज्ञान लिया है। कोरिया कलेक्टर विनय कुमार लहेंग ने स्वामी आत्मानंद स्कूल करजी के प्रिसंपल को आचार संहिता के उलंघन का नोटिस शुक्रवार को जारी किया था। वहीं निगरानी दल की रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर ने आज प्रिंसपल देवकरण सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
दरअसल कोरिया के बैकुंठपुर अंतर्गत पटना के करजी मैदान में विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस के स्टार प्रचारक चरणदास महंत की सभा थी। सभा में आत्मानंद स्कूल के बच्चे बकायदे ड्रेस में शामिल हुए। स्कूली बच्चों के साथ विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक अंबिका सिंहदेव ने फोटो भी खिंचवाई थी।कलेक्टर ने इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक अंबिका सिंहदेव को आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी किया गया है।
स्कूली बच्चों ने अतिथियों को गुलदस्ता एवं फूल देकर स्वागत किया था। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लहेंग ने इसे आचार संहिता का उलंघन मानते हुए अंबिका सिंहदेव को नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब मांगा है।