कुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार , 03 महिलाओं की मौत और 05 घायल


हजारीबाग 10 फरवरी 2025 - झारखंड के रांची - पटना रोड पर चरही घाटी में सोमवार को एक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गईं। सभी महिलाएं प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के बाद टाटा सुमो से रांची लौट रही थीं। घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। मृत महिलाओं की पहचान गुमला की रहने वाली अंश देवी और रांची के ITI इलाके की रहने वाली संजू देवी और सोनी देवी के रूप में हुई है। घायलों में रंजू देवी, पुनीता देवी, उमा देवी, ज्योति देवी, और असिता देवी शामिल हैं।
ये सभी महिलाएं एक ही परिवार की हैं। किराए का वाहन लेकर महाकुंभ स्नान करने गई थीं। वहां से लौटने के दौरान सोमवार को चालक ने सामने आ गए एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहा एक ट्रेलर भी सूमो से टकरा गया। वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें से चालक समेत दो महिलाएं सुरक्षित हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसी सभी महिलाओं को बाहर निकालने के बाद हजारीबाग स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पांच अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद महिलाओं के परिजन गुमला और रांची से हजारीबाग पहुंचे हैं।